Delhi - भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के चौथे मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह व्यक्तिगत कारणाों की वजह से इस टेस्ट से बाहर हो गए हैं। बुमराह ने इसके लिए बीसीसीआई से अनुरोध किया था, जिसे बोर्ड ने स्वीकार कर लिया है। बुमराह इस सीरीज के पहले और तीसरे मैच में खेले थे, जबकि दूसरे मैच में उन्हें आराम दिया गया था। भारत इस समय इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 2-1 से आगे है और उसके इंग्लैंड में होने वाली वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचने की संभावना काफी ज्यादा है। भारत को अब चौथे मैच को जीतने या ड्रॉ कराने की जरूरत है।
बुमराह चौथे टेस्ट से हटने के लिए बोर्ड से किया खास अनुरोध
बीसीसीआई ने बुमराह के बाहर होने पर बयान देते हुए कहा है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट से हटने के लिए बोर्ड से खास अनुरोध किया था। बता दें कि कोरोना काल में भारतीय टीम के इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत करने के बाद यह तेज गेंदबाज लगातार क्रिकेट खेल रहा है। उन्होंने सबसे पहले यूएई में आईपीएल 2020 में हिस्सा लिया था, जहां मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांचवां खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लिमिटेड ओवर सीरीज और टेस्ट सीरीज का भी हिस्सा रहे थे।
NEWS - Jasprit Bumrah released from India’s squad
— BCCI (@BCCI) February 27, 2021
Jasprit Bumrah made a request to BCCI to be released from India’s squad ahead of the fourth Test owing to personal reasons.
More details - https://t.co/w2wlfodmq8 #INDvENG pic.twitter.com/mREocEuCGa
टी-20 सीरीज में खेलना तय नहीं
जसप्रीत बुमराह लिमिटिड ओवर सीरीज में खेलेंगे या नहीं इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। बुमराह का चयन इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए हुआ है, लेकिन कोरोना प्रोटोकॉल से बाहर जाने की वजह से उनके खेलने पर संशय बरकारार है। बुमराह टीम के साथ दोबारा कब जुड़ेंगे, इसके बारे में भी अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। उनके चौथे मैच से बाहर होने से पहले ऐसी उम्मीद लगाई जा रही थी कि उन्हें टी-20 सीरीज में आराम दिया जाएगा।
इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टीम: राेहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, विराट कोहली, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, ऋद्धिमान साहा, आर अश्विन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, ईशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव।



0 Comments