अरविंद केजरीवाल के घर के लिए जाने वाले दोनो रास्ते खोले गए, दिल्ली CM केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका थी


खबर आ रही है की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के लिए जाने वाले दोनो रास्ते खोले गए. कल रात से ही केजरीवाल के घर के बाहर पुलिस बढ़ाई गई थी। आप नेताओं ने छापेमारी और गिरफ्तारी की आशंका व्यक्त की थी।

दिल्ली  के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ईडी के समन पर आबकारी घोटाले में पूछताछ के लिए कल बुधवार को तीसरी बार भी नहीं पहुंचे। इसके बाद देर रात को आम आदमी पार्टी (आप) के कई नेताओं ने आशंका जताई है कि पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर पर गुरुवार की सुबह छापा मारा जा सकता है और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।



दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया है कि अरविंद केजरीवाल के घर आज ईडी की छापेमारी हो सकती है, जिसके बाद उन्हें अरेस्ट किया जा सकता है. 


कार्रवाई को लेकर क्यों आशंकित है AAP?

जानकारों की मानें तो आम आदमी पार्टी इस कार्रवाई को लेकर इसलिए भी आशंकित है, क्योंकि प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की धारा-19 के तहत ईडी को यह अधिकार है कि लगातार तीन बार समन के बाद भी अगर कोई आरोपी पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो ईडी उसे गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि, इसके लिए यह जरूरी है कि जांच एजेंसी के पास अरेस्ट करने के लिए पुख्ता आधार हो।


पिछले साल फरवरी में गिरफ्तार हुए थे सिसोदिया

बता दें कि सिसोदिया को पिछले साल फरवरी में सीबीआई द्वारा मामले के संबंध में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था, बाद में उन्हें ईडी द्वारा दायर मनी लॉन्डिंग मामले में हिरासत में ले लिया गया था। वहीं संजय सिंह को जांच एजेंसी ने उनके घर पर पूछताछ के बाद 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था और नायर को नवंबर 2022 में सीबीआई ने गिरफ्तार किया, उसके बाद ईडी ने भी उन्हें गिरफ्तार कर लिया।


शराब घोटाले में कब-कब क्या हुआ?

अगस्त 2022- सीबीआई ने केस दर्ज किया 23 अगस्त 2022- ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया सितंबर 2022- आरोपी विजय नायर की गिरफ्तारी हुई 25 नवंबर 2022- सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की 26 फरवरी 2023- मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी हुई अप्रैल 2023- सीएम केजरीवाल से सीबीआई ने पूछताछ की 4 अक्टूबर 2023- संजय सिंह की गिरफ्तारी हुई 3 जनवरी 2024- केजरीवाल को तीसरी बार समन भेजा गया


ईडी के पास क्या विकल्प हैं

ईडी केजरीवाल को फिर समन भेज सकती है. जांच एजेंसी अदालत की मदद ले सकती और वारंट जारी करने की मांग कर सकती है. ईडी को अदालत के सामने सबूत पेश करने होंगे.


पहले भी रहा है गिरफ्तारी का डर

ये कोई पहली बार नहीं आप नेताओं को केजरीवाल की गिरफ्तारी का डर सता रहा है. इससे पहले पिछले साल 16 अप्रैल को जब सीबीआई ने केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया था तब भी आप नेताओं ने दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी की आशंका जताई थी. इसके बाद ईडी ने 2 नवंबर को पहली बार केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया था. तब भी आप नेता आतिशी ने सीएम की गिरफ्तारी की आशंका जताई थी. हालांकि केजरीवाल ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे. बता दें कि आप के कई बड़े नेता अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किए जा चुके हैं. मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सत्येंद्र जैन, शराब घोटाले के आरोप में मनीष सिसोदिया और संजय सिंह अरेस्ट हो चुके हैं.


केजरीवाल कैसे आए रडार पर?

अब सवाल है कि अरविंद केजरीवाल जांच एजेंसियों के रडार पर कैसे आए. उनका नाम न तो आरोपी के तौर पर किसी FIR में दर्ज है और न ही किसी चार्जशीट में. जानकारी के मुताबिक, CBI और ED के जो रिमांड नोट हैं उनमें केजरीवाल के नाम का जिक्र है. आरोप है कि आबकारी विभाग में सचिव रहे सी.अरविंद ने पूछताछ के दौरान कबूल किया था कि मार्च 2021 को सिसोदिया ने उन्हें केजरीवाल के आवास पर बुलाया था, वहां सत्येंद्र जैन भी मौजूद थे. उन्होंने शराब कारोबारियों के लिए कमीशन बढ़ाने के लिए ड्राफ्ट तैयार करने को कहा था.

Post a Comment

0 Comments