राम मंदिर चढ़ावा विवाद: चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा, ट्रस्ट ने जारी किया आधिकारिक बयान

राम मंदिर चढ़ावा विवाद: चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा, ट्रस्ट ने जारी किया आधिकारिक बयान


राम मंदिर चढ़ावा विवाद: चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा, ट्रस्ट ने जारी किया आधिकारिक बयान

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ी एक बड़ी और आधिकारिक खबर सामने आई है। राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। ट्रस्ट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोनों के इस्तीफे मिलने की पुष्टि की है।

आगामी बैठक में होगा अंतिम फैसला

ट्रस्ट की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से राम मंदिर परिसर और चढ़ावे को लेकर सामने आई अप्रिय एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से पूरा न्यास आहत और दुखी है। ट्रस्ट ने बताया कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बयान के अनुसार, महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के त्यागपत्र प्राप्त हो चुके हैं। हालांकि, इन इस्तीफों को स्वीकार करने या न करने पर अंतिम निर्णय ट्रस्ट की आगामी बैठक में लिया जाएगा।


श्रद्धालुओं को ट्रस्ट ने दिया भरोसा

ट्रस्ट ने उन अफवाहों का भी खंडन किया, जिनमें मंदिर को चढ़ाई गई मूल्यवान वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया कि श्रद्धालुओं द्वारा भेंट की गई चांदी की ईंटें, सोने के आभूषण और अन्य सभी मूल्यवान वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। ट्रस्ट का कहना है कि प्रत्येक दान और चढ़ावे का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध है तथा एक-एक पैसे का हिसाब सुरक्षित रखा गया है। श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है।

विवाद के बीच बढ़ी राजनीतिक हलचल

राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार राजनीतिक और धार्मिक स्तर पर बयानबाजी हो रही थी। ऐसे माहौल में ट्रस्ट के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस्तीफे को महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब सभी की नजर ट्रस्ट की आगामी बैठक पर है, जहां इन इस्तीफों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments