नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। पुरानी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में बुधवार को चार बदमाशों ने एक कार्यालय में घुसकर बंदूक की नोक पर 2 करोड़ 30 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नकदी को बैग में भरकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बंदूक दिखाकर अलमारी से लूटी नकदी
जानकारी के मुताबिक, लूट की यह वारदात चर्च मिशन पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। चार बदमाश हथियारों के साथ कार्यालय में दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्मचारी को बंदूक दिखाकर डराया-धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने अलमारी में रखे 2.30 करोड़ रुपये निकालकर बैग में भर लिए और मौके से फरार हो गए।
पहले से तैयार थी फरार होने की योजना
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी कार में सवार होकर फरार हो गए। आशंका है कि आरोपियों का एक साथी कार में उनका इंतजार कर रहा था, ताकि लूट के बाद सभी आसानी से भाग सकें। वारदात के दौरान और आरोपियों के भागने के समय की कुछ गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं।
पुलिस की चार टीमें जांच में जुटीं
मामले में लाहौरी गेट थाने में लूट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वारदात से लेकर आरोपियों के फरार होने तक के रास्ते की जांच कर रही है।
त्योहारी सीजन के बीच राजधानी में हुई इस बड़ी लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों का सुराग जुटाने और लूटी गई रकम बरामद करने की कोशिश में लगी है।
Tag: DelhiRobbery, LahoriGateRobbery, DelhiCrimeNews, 230CroreRobbery, GunpointRobbery, DelhiPolice, OldDelhiNews, CrimeNews, BreakingNews, CCTVFootage, NewDelhiCrime, RobberyCase




0 Comments