INDIA Bloc Rally Live: ज्ञानेश-ज्ञानेश येस पापा, वोट चोरी येस पापा...' BJP पर ममता का तंज, राहुल गांधी-अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेता शामिल

 

INDIA Bloc Rally Live: दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली, राहुल गांधी-अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेता शामिल

नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की जा रही है। इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। रैली को लेकर विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। कनॉट प्लेस से शुरू होने वाला मार्च मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा। राहुल गांधी ने भी लोगों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है।

वहीं, रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मार्च के रास्ते और रामलीला मैदान में 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की तैनाती की गई है। रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है।

INDIA Bloc Rally Live Updates: रैली से जुड़े हर बड़े अपडेट पर रहेगी नजर


LIVE UPDATE | राहुल गांधी का BJP और केंद्र सरकार पर तीखा हमला, बोले- युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसानों को हक नहीं मिल रहा : नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार, बीजेपी और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा किया जा रहा है और आम जनता के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि यह कोई सामान्य चोरी नहीं है, बल्कि हिंदुस्तान के हर नागरिक के वोट और उसकी आवाज की चोरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।


LIVE UPDATE | ममता बनर्जी का ज्ञानेश कुमार और BJP पर हमला, बोलीं- 'हम छोड़ेंगे नहीं, हम लड़ेंगे' - दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ज्ञानेश कुमार पर मतगणना को हाईजैक करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल SIR का पीड़ित है और इस मुद्दे पर वे चुप नहीं बैठेंगी। ममता ने तंज कसते हुए 'ज्ञानेश-ज्ञानेश, यस पापा, वोट चोरी, यस पापा' का नारा भी लगाया। उन्होंने कहा, 'हम छोड़ेंगे नहीं, हम लड़ेंगे।'


LIVE UPDATE | अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- देश के संविधान को कमजोर करने वालों के खिलाफ INDIA गठबंधन एकजुट - दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां एक आवाज उठ रही है और INDIA गठबंधन के लोग एकजुट होकर संविधान को कमजोर करने वालों के खिलाफ खड़े हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अंगद का पैर जमाने की बात करते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि अब जमीन ही नहीं बची है। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव और SIR प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मतदाताओं के वोट काटे गए।


LIVE UPDATE | खड़गे का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- 'मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार चोरी की सरकार है और इसे सत्ता से हटाना होगा। खड़गे ने कहा कि विपक्ष ज्ञानेश कुमार को बचने नहीं देगा और उन्हें पद से हटाकर ही दम लेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं। इस दौरान खड़गे ने 'मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' का नारा भी दिया।


LIVE UPDATE  | विपक्षी नेता कनॉट प्लेस पहुंचे - INDIA गठबंधन की महारैली के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, फारूक अब्दुल्ला, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता कनॉट प्लेस पहुंच चुके हैं।


LIVE UPDATE  | दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली में उमड़ा जनसैलाब। विपक्षी दलों की इस महारैली में बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता, छात्र संगठन और नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। रैली स्थल से सामने आए ड्रोन वीडियो में भारी भीड़ नजर आ रही है। मैदान में चारों तरफ समर्थकों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। इस महारैली में विपक्ष के कई दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं। रैली के जरिए INDIA गठबंधन अपनी राजनीतिक ताकत और एकजुटता का प्रदर्शन कर रहा है।


LIVE UPDATE  | रामलीला मैदान की ओर बढ़े विपक्षी नेता - राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, फारूक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, अभिषेक बनर्जी और केसी वेणुगोपाल समेत INDIA गठबंधन के नेता महारैली के लिए रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे हैं।

LIVE UPDATE  | ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी भी रैली में शामिल - TMC नेता ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी भी INDIA गठबंधन की महारैली में शामिल होने पहुंच चुके हैं। विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से रैली को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।


LIVE UPDATE  | दिल्ली पुलिस अलर्ट, 4 हजार से ज्यादा जवान तैनात - INDIA गठबंधन की महारैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। मार्च के रास्ते और कार्यक्रम स्थल पर 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और CAPF के जवानों की तैनाती की गई है।

LIVE UPDATE  | रामलीला मैदान 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया -  

महारैली की सुरक्षा व्यवस्था के तहत रामलीला मैदान को 14 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की निगरानी असिस्टेंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी करेंगे। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


INDIA गठबंधन की महारैली से जुड़े हर नए अपडेट के लिए Mkhabar.live के साथ बने रहें।


TAG : INDIA Bloc Rally, Ramlila Maidan Rally, Rahul Gandhi, Mallikarjun Kharge, Mamata Banerjee, Akhilesh Yadav, Priyanka Gandhi, Tejashwi Yadav, Abhishek Banerjee, Delhi News, Opposition Rally, INDIA Alliance

Post a Comment

0 Comments