ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार (30 अक्टूबर) को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया। यहां 23वीं मंजिल से गिरकर 40 वर्षीय पिता और उनके 11 साल के बेटे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिता बालकनी में बेटे के साथ पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक बेटे का पैर फिसल गया और वह बालकनी से नीचे गिरने लगा। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिर गए।
बालकनी में फूल तोड़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। दोनों महागुन मायवुड्स सोसायटी के टावर-23 में रहते थे। शुक्रवार सुबह परिवार को खाटू श्याम मंदिर जाना था। इसके लिए पिता और बेटा पूजा के लिए बालकनी से फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस के मुताबिक, थाना बिसरख को PRV के माध्यम से सोसायटी में दो लोगों के ऊंचाई से गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इस हादसे के बाद महागुन मायवुड्स सोसायटी और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। परिवार मंदिर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल गईं। पिता और बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।





0 Comments